Movie prime

थार पर सवार होकर नेहा शर्मा ने पिता के लिए मांगा वोट, युवाओं की उमड़ी भीड़

 

लोकसभा चुनाव 2024 के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा शर्मा बिहार के भागलपुर जिले में भरी दोपहर में घूम-घूमकर प्रचार करते हुए नजर आ रही हैं। नेहा शर्मा वैसे खुद चुनावी मैदान में नहीं हैं, बल्कि उनके पिता अजीत शर्मा भागलपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। नेहा शर्मा बीते दो दिनों से क्षेत्र में प्रचार में जुटी हैं। 

नेहा शर्मा ने अपने पिता के साथ थार पर सवार होकर शेरमारी बाजार से कहलगांव तक रोड शो किया। रोड शो के दौरान हजारों की संख्या में लोग अभिनेत्री नेहा शर्मा को देखने के लिए पहुंचे थे। इनमें युवाओं की संख्या ज्यादा थी। भीड़ बढ़ने के कारण सड़क पर जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। रोड शो में महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं भी शामिल हुए।

बता दें कि पूर्व में भागलपुर लोकसभा सीट से नेहा शर्मा के चुनाव लड़ने की अटकलें चल रही थीं। मगर बॉलीवुड में व्यस्तता के चलते नेहा ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। उनके पिता ने कहा था कि भागलपुर सीट से उनके वह खुद चुनाव लड़ेंगे। अजीत शर्मा भागलपुर शहर से कांग्रेस के विधायक हैं। वे विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता भी रह चुके हैं।
नेहा शर्मा इससे पहले भी अपने पिता के लिए चुनाव प्रचार कर चुकी हैं। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने रोड शो किया था। अभिनेत्री नेहा शर्मा भागलपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर चर्चा में रही थी।