Newshaat_Logo

बिहार में शुरू होगी ELC 2.0 की नई पहल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे BLOs से सीधा संवाद

 
बिहार में शुरू होगी ELC 2.0 की नई पहल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे BLOs से सीधा संवाद

Newshaat Desk: भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की उच्चस्तरीय टीम 16 और 17 अगस्त को बिहार के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेगी। बिहार में इस दौरे के साथ Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान मतदाता जागरूकता, चुनावी प्रक्रिया और जमीनी स्तर पर चुनाव संचालन से जुड़े अधिकारियों के अनुभवों पर विशेष चर्चा होगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना समेत निर्वाचन आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी बिहार आएंगे। पटना एयरपोर्ट पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करेंगे।

500 BLOs से सीधे संवाद करेंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त

दौरे के दौरान 17 अगस्त को नालंदा विश्वविद्यालय के सुषमा स्वराज सभागार में करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त संवाद करेंगे। इस बातचीत में BLOs अपने मैदानी अनुभव, काम के दौरान आने वाली चुनौतियों और चुनाव प्रक्रिया को और बेहतर व सुगम बनाने के सुझाव साझा करेंगे।

पिछले एक वर्ष के दौरान विभिन्न राज्यों के दौरे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा BLOs के साथ संवाद किया जाता रहा है। बिहार में होने वाला यह कार्यक्रम इसी पहल को आगे बढ़ाने की कड़ी माना जा रहा है।

पटना में ELC 2.0 और ECINET पर सम्मेलन

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के बिहार दौरे का एक अहम कार्यक्रम पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ELC 2.0 एवं ECINET पर एक दिवसीय सम्मेलन होगा। इसमें बिहार के 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों से हजारों विद्यार्थी, शिक्षक, विश्वविद्यालयों के कुलपति तथा महाविद्यालयों और विद्यालयों के प्राचार्य एवं संस्थान प्रमुख शामिल होंगे।

सम्मेलन में ELC 2.0 के लोगो का अनावरण करने के साथ इसके नए वर्किंग फ्रेमवर्क की जानकारी दी जाएगी। साथ ही भारतीय निर्वाचन प्रक्रिया और ECINET प्लेटफॉर्म को लेकर भी प्रस्तुतियां होंगी।

युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर

निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP कार्यक्रम के तहत Electoral Literacy Clubs की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका से परिचित कराना था।

अब बदलते सूचना एवं संचार माध्यमों और युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को देखते हुए ELC 2.0 को अधिक सक्रिय, अनुभवात्मक और डिजिटल मंच के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसके जरिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पूरे वर्ष मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

सम्मेलन में BLO Stakeholder Video, मतदाता पंजीकरण, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन, ECINET के डिजिटल इकोसिस्टम की जानकारी और नए ELC पोर्टल के जरिए शैक्षणिक संस्थानों की ऑनबोर्डिंग भी कराई जाएगी।

15 लाख स्कूलों और 25 करोड़ विद्यार्थियों तक पहुंचेगा अभियान

ELC 2.0 के जरिए देश के विशाल शैक्षणिक नेटवर्क को मतदाता जागरूकता से जोड़ने की योजना है। देश में करीब 15 लाख विद्यालय, 25 करोड़ विद्यार्थी, एक करोड़ शिक्षक, लगभग 1,500 विश्वविद्यालय और 70 हजार उच्च शिक्षण संस्थान इस नेटवर्क का हिस्सा हैं।

आयोग का लक्ष्य युवाओं में निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने के साथ उन्हें अपने परिवार, संस्थान और समुदाय में मतदाता जागरूकता के दूत के रूप में तैयार करना है। इसके लिए ELC Registration and Onboarding Portal भी विकसित किया गया है, जो ECI की वेबसाइट और ECINET App के माध्यम से उपलब्ध होगा।

सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली भी जाएंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त

बिहार प्रवास के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली का भी दौरा करेंगे। यहां वे जिला निर्वाचन तंत्र के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का भी अवलोकन करेंगे।

BLOs के जमीनी अनुभव से लेकर युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी तक, बिहार में ELC 2.0 और ECINET की पहल को मतदाता जागरूकता और डिजिटल चुनावी सहभागिता को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।