Movie prime

निशांत बनें बिहार के CM- अनंत सिंह का बड़ा दांव, मोकामा से उठी नई सियासी हलचल

 
निशांत बनें बिहार के CM- अनंत सिंह का बड़ा दांव, मोकामा से उठी नई सियासी हलचल
Bihar news: बिहार की सियासत में इन दिनों हलचल तेज है और इसी बीच मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान देकर राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है।

अनंत सिंह ने साफ कहा है कि निशांत कुमार में मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण हैं और उन्हें ही बिहार का अगला सीएम बनाया जाना चाहिए।

“निशांत में हैं CM बनने के सारे गुण”

मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार की तरह काम करने की क्षमता रखते हैं और वे राज्य की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अब वे जेल से बाहर आ चुके हैं और क्षेत्र में रहकर जनता की सेवा करेंगे।

पोस्टरों में दिखा ‘परिवारिक राजनीति’ का संकेत

रामनवमी के मौके पर जब अनंत सिंह मोकामा के कन्हाईपुर पहुंचे, तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कई जगहों पर लगे पोस्टरों में उनके साथ उनके बेटे अंकित की तस्वीर भी नजर आई।

इसे आगामी चुनाव में उनके बेटे की एंट्री के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

नीतीश के इस्तीफे की अटकलें तेज

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 30 मार्च को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद से यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे मुख्यमंत्री पद भी छोड़ सकते हैं।

अगर ऐसा होता है, तो बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है।

भाजपा की ओर भी नजरें

वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि अगला मुख्यमंत्री भाजपा से हो सकता है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम भी संभावित चेहरों में लिया जा रहा है, हालांकि पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

अनंत सिंह का चुनाव से दूरी का संकेत

अनंत सिंह पहले ही यह संकेत दे चुके हैं कि वे अब खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे और अपने बेटों को राजनीति में आगे बढ़ाएंगे। ऐसे में मोकामा की सियासत में भी नए समीकरण बनने के आसार हैं।

अनंत सिंह के इस बयान ने बिहार की राजनीति में ‘उत्तराधिकारी’ की बहस को और तेज कर दिया है, अब देखना होगा कि सत्ता की इस सियासी बाजी में अगला दांव किसके नाम जाता है।