Newshaat_Logo

गांधी मैदान में सत्ता का महाशपथ: सम्राट कैबिनेट में 32 मंत्रियों की एंट्री, निशांत कुमार बने सबसे बड़े सरप्राइज

 
गांधी मैदान में सत्ता का महाशपथ: सम्राट कैबिनेट में 32 मंत्रियों की एंट्री, निशांत कुमार बने सबसे बड़े सरप्राइज
Bihar News:  बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब राजधानी पटना के गांधी मैदान में सम्राट सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नई टीम में कुल 32 नेताओं ने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस पूरे समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहे निशांत कुमार, जिन्होंने पहली बार सत्ता के गलियारों में औपचारिक एंट्री की।

राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में NDA के कई बड़े नेताओं और हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने गांधी मैदान को पूरी तरह सियासी शक्ति प्रदर्शन के मंच में बदल दिया।

सबसे पहले विजय सिन्हा, श्रवण कुमार, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और लेसी सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह टाइगर और अशोक चौधरी समेत कई दिग्गज नेताओं ने शपथ लेकर नई सरकार का हिस्सा बने।

भाजपा से कुल 15 नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिली, जबकि जदयू के 13 चेहरे शामिल हुए। इसके अलावा लोजपा(रा) से 2 और HAM व RLM से एक-एक नेता को मंत्री बनाया गया। मंत्रिमंडल में भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, संतोष सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सादा, केदार गुप्ता, लखेंद्र रौशन, श्रेयसी सिंह, जमा खान और बुलो मंडल जैसे नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस विस्तार में कई नए और युवा चेहरों को मौका देकर NDA ने साफ संकेत दिया है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम किया गया है।

सबसे ज्यादा चर्चा निशांत कुमार की एंट्री को लेकर रही। लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले निशांत कुमार का मंत्रिमंडल में शामिल होना जदयू की नई राजनीतिक दिशा के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम भविष्य की नेतृत्व राजनीति का संकेत भी हो सकता है।

गांधी मैदान में हुए इस मेगा शपथ ग्रहण समारोह ने यह साफ कर दिया कि बिहार में सत्ता का नया अध्याय अब पूरी रफ्तार से आगे बढ़ चुका है।