यूपी में JDU का संगठन मजबूत करने की तैयारी में निशांत कुमार, प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी की आगे की रणनीति पर बात
बिहार के बाद अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) उत्तर प्रदेश में भी अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में पार्टी ने यूपी में संगठन विस्तार की कवायद तेज कर दी है। इस अभियान में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी शामिल हुए। वह वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
वाराणसी पहुंचने पर निशांत कुमार ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के दरबार में मत्था टेका और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर के मुख्य पुजारी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लिया। निशांत कुमार ने बाबा विश्वनाथ से बिहार की जनता के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद निशांत कुमार प्रदेशस्तरीय जेडीयू कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी की योजना कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ-साथ बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने की है।
दरअसल, जेडीयू अब बिहार से बाहर भी अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाना चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी उत्तर प्रदेश में अपनी ताकत और राजनीतिक दावेदारी मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावनाओं के बीच यह सम्मेलन पार्टी के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि वाराणसी से शुरू हुई जेडीयू की यह संगठन विस्तार की मुहिम यूपी की राजनीति में पार्टी को कितनी मजबूती दिला पाती है।







