बिहार की राजनीति में निशांत कुमार के सक्रिय होने पर जदयू कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह, पटना में लगे निशांत कुमार के स्वागत में पोस्टर, लिखा- विकसित बिहार का नया अध्याय शुरू
Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय होने वाले हैं. इस बीच जदयू कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. राजधानी पटना में पार्टी कार्यालय के बाहर और आसपास बड़ी संख्या में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें निशांत कुमार का स्वागत और अभिनंदन किया जा रहा हैं. जदयू कार्यालय का पूरा परिसर पोस्टरों से पटा हुआ नजर आ रहा है.
पहले देखिए जदयू कार्यालय में लगाए गए पोस्टर की तस्वीर…

पोस्टर में लिखा- “विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत”
जदयू कार्यालय के बाहर लगे बड़े पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार की तस्वीरें लगाई गई हैं. पोस्टर में बड़े अक्षरों में लिखा गया है— “विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत, निशांत कुमार.”
इस संदेश के जरिए पार्टी कार्यकर्ता निशांत कुमार के राजनीति में आने को एक नई शुरुआत के रूप में पेश कर रहे हैं.
कल जदयू की सदस्यता लेने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार अब सीएम नीतीश कुमार के बाद जदयू की कमान संभालेंगे. 8 मार्च को वे औपचारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे. इस फैसले की जानकारी सभी विधायकों को दे दी गई है.
6 मार्च को CM हाउस में नीतीश कुमार ने इस संबंध में अपनी राय पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों को बताई. इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह है और उनके स्वागत की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं.
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार एक्टिव हो गए
पॉलिटिकल पारी शुरू करने से पहले नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार एक्टिव हो गए हैं. शुक्रवार को उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर लगभग 24 विधायकों के साथ बैठक की. इस बैठक में संजय झा के अलावा परिवहन मंत्री श्रवण कुमार और कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ कई युवा विधायक भी शामिल हुए.
इधर, राज्यसभा नॉमिनेशन के बाद नीतीश कुमार आज शनिवार को अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर जाएंगे, वहां विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे.
अब एक साल पुरानी यह तस्वीर देखिए

14 मार्च 2025 की तस्वीर. निशांत कुमार विजय चौधरी और संजय झा के कंधे पर हाथ रखे हुए हैं.
यह तस्वीर 14 मार्च 2025 की है. तब 9 साल बाद सीएम हाउस एक अणे मार्ग पर औपचारिक तौर पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था. जदयू सूत्रों ने बताया कि समारोह निशांत कुमार ने होस्ट किया था.
उन्होंने नीतीश कुमार के साथ ललन सिंह का भी पैर छूकर आशीर्वाद लिया था. इसके बाद उनकी कई तस्वीरों की खूब चर्चा हुई थी. इनमें से एक तस्वीर यह थी, जिसमें वे जदयू के दो पावरफुल नेता संजय झा और विजय चौधरी के कंधे पर हाथ रखे हुए हैं.
डिप्टी सीएम और गृह मंत्री के रूप में लांच होंगे निशांत
2025 की होली से शुरू हुई नीतीश कुमार के पावर ट्रांसफर की कहानी 2026 की होली तक परवान चढ़ी. अब ये स्पष्ट हो गया है कि नीतीश कुमार के राजनीतिक वारिस निशांत कुमार ही होंगे. जदयू के औपचारिक उत्तराधिकारी के तौर पर वे 8 मार्च 2026 को पार्टी जॉइन करेंगे. वे इसी महीने सरकार का भी हिस्सा हो सकते हैं.
जदयू सूत्रों की मानें तो निशांत कुमार नई सरकार में डिप्टी CM हो सकते हैं. इसके साथ ही उन्हें गृह विभाग की जिम्मेदारी भी मिल सकती है. यानी कि निशांत की पावरफुल लॉन्चिंग की पूरी तैयारी कर ली गई है.
BJP के साथ हुई डील के मुताबिक जिस तरह अभी CM का पद JDU के पास है और BJP के दो डिप्टी CM हैं, उसी तरह नई सरकार में BJP के CM होंगे और JDU के दो डिप्टी CM होंगे.

पार्टी में शामिल होते ही राज्य भर की यात्रा पर निकलेंगे निशांत
पार्टी में शामिल होते ही निशांत अपने पिता नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर चलेंगे. नीतीश कुमार जनता से मिलने और यात्रा करने के लिए जाने जाते हैं. निशांत भी नीतीश की विरासत को आगे बढ़ाते हुए सबसे पहले यात्रा पर निकलेंगे और जनता के मिजाज को समझेंगे. सबसे पहले वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे. उन्हें समझेंगे और अपना आगे का एजेंडा बताएंगे







