जदयू में निशांत की एंट्री से बढ़ा उत्साह: पार्टी नेताओं ने कहा- नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी
अभिषेक शर्मा ने कहा कि निशांत ऐसे परिवार से आते हैं जिसने बिहार की राजनीति में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की मजबूत मिसाल कायम की है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के अनुभव और मार्गदर्शन से प्रेरणा लेकर एक जिम्मेदार और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ेंगे।
विनम्रता से जीता कार्यकर्ताओं का दिल
जदयू नेता ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और निशांत कुमार ने शुरुआत से ही एक कार्यकर्ता की तरह विनम्रता दिखाई है। सदस्यता ग्रहण करते ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जो उनके संस्कार और सादगी को दर्शाता है।
संगठन को मिलेगा नया बल
अभिषेक शर्मा के मुताबिक, निशांत कुमार के युवा जोश से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी और जदयू के सिद्धांत विकास, समावेश और सामाजिक संतुलन को आगे बढ़ाने में नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में निशांत कुमार पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे।
राजनीति में अलग पहचान बनाने की उम्मीद
पार्टी नेताओं का मानना है कि राजनीतिक संस्कार और अनुभव के साथ निशांत कुमार आने वाले समय में बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाएंगे। जदयू नेताओं को उम्मीद है कि वे जनता की आकांक्षाओं को मजबूती से सामने रखते हुए पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे।







