Newshaat_Logo

नितिन नवीन ने पटना में छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया एवं जानकारी प्राप्त की

लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज मंगलवार को पटना में गंगा के विभिन्न छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया
 
सम्राट चौधरी

लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज मंगलवार को पटना में गंगा के विभिन्न छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दीघा के नासरीगंज घाट से गाय घाट और कंगन घाट तक स्टीमर से भ्रमण कर प्रशासनिक व नागरिक व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया एवं जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गंगा तट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से घाटों की मुस्तैद साफ-सफाई एवं समतलीकरण, सुरक्षा हेतु पुख्ता बैरिकेडिंग और वॉच टावर, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और पेयजल की उपलब्धता, रोशनी (लाइटिंग) और निर्बाध विद्युत आपूर्ति और आपातकालीन चिकित्सा व सुरक्षा प्रबंधों की स्थिति का जायजा लिया।

छठ घाटों के निरीक्षण के उपरांत श्री नवीन ने कहा, "छठ महापर्व बिहार की गहरी आस्था, संस्कृति और समृद्ध लोक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। यह पर्व धार्मिक निष्ठा के साथ-साथ सामाजिक समरसता, अनुशासन और प्रकृति से जुड़ाव का अद्वितीय संदेश देता है।" उन्होंने आगे कहा कि अर्घ्य देने गंगा तट पर आने वाले प्रत्येक छठव्रती को सुरक्षित, स्वच्छ और सहज वातावरण मिले, इसके लिए बिहार सरकार और आमजन मिलकर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि समय रहते सभी आवश्यक इंतजाम पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी लोग पूरे उल्लास व श्रद्धा के साथ महापर्व मना सकें।