पटना साहिब में नितिन नवीन ने टेका मत्था, तख्त श्री हरमंदिर साहिब में की अरदास
Bihar news: भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के दरबार में मत्था टेककर दर्शन किए। गुरुद्वारा परिसर में उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों और प्रदर्शित वस्तुओं का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
गुरुद्वारा दर्शन के दौरान नितिन नवीन के साथ पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधायक नंदकिशोर यादव, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, पटना की मेयर सीता साहू और भाजपा नेता शिशिर कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि दिल्ली से लौटने के बाद नितिन नवीन का यह पहला गुरुद्वारा दर्शन था। इससे एक दिन पहले पटना में उनके सम्मान में भव्य रोड शो भी आयोजित किया गया था।
गौरतलब है कि भाजपा नेतृत्व ने नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति को बिहार के लिए संगठनात्मक स्तर पर बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह अब तक किसी बिहार के नेता को मिली सबसे प्रभावशाली संगठनात्मक जिम्मेदारियों में से एक है, जिससे राज्य की राजनीति में भाजपा की भूमिका और मजबूत होने के संकेत मिलते हैं।
नितिन नवीन लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और संगठन व सरकार दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। जमीनी राजनीति और संगठनात्मक अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले नितिन नवीन के सामने आने वाले समय में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव बड़ी चुनौती के रूप में माने जा रहे हैं। उनकी नई भूमिका को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।







