बिहार में तीन दिन रहेंगे नितिन नवीन, छठ घाटों के निरीक्षण के साथ कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 10 से 12 नवंबर 2026 तक बिहार की राजधानी पटना में रहेंगे. इस दौरान वे छठ महापर्व से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. साथ ही पार्टी की ओर से पहले से तय संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे.
नितिन नवीन पटना के छठ घाटों का जायजा लेने निकलेंगे. दोपहर 3 बजे वे दीघा के नासरीगंज घाट पहुंचेंगे. वहां से गायघाट तक अलग-अलग घाटों का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान वे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर किए गए इंतजाम देखेंगे. घाटों पर मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद शाम 5:30 बजे वे पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय आरके सिन्हा के आवास पहुंचेंगे. यहां वे आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देंगे.
बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन 11 और 12 नवंबर को पहले से तय संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. नितिन नवीन इससे पहले 2 नवंबर 2026 को बिहार दौरे पर आए थे. उस दिन वे भागलपुर पहुंचे थे और बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्रा की अगुवाई की थी.
भागलपुर के लाजपत पार्क से शुरू हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ हिस्सा लिया. सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा था. इस कार्यक्रम के बाद वे कोलकाता रवाना हुए थे, जहां इसी अभियान के तहत दूसरी पदयात्रा में शामिल हुए थे.







