Newshaat_Logo

इस्तीफे के बाद बैठक में नीतीश हुए भावुक, माला पहनाकर सम्राट को दिया आशीर्वाद: बोले- “अब आप संभालिए, मैं पीछे खड़ा हूँ”

 
इस्तीफे के बाद बैठक में नीतीश हुए भावुक, माला पहनाकर सम्राट को दिया आशीर्वाद: बोले- “अब आप संभालिए, मैं पीछे खड़ा हूँ”
Bihar News: बिहार की राजनीति ने मंगलवार को एक ऐसा भावुक और ऐतिहासिक पल देखा, जिसने दो दशकों की सत्ता यात्रा को एक नए अध्याय में बदल दिया। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद जब नीतीश कुमार एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में पहुंचे, तो माहौल पूरी तरह बदल चुका था यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक विरासत के हस्तांतरण का क्षण था।

जब ‘बड़े नेता’ ने अपने उत्तराधिकारी को पहनाई माला

बैठक का सबसे खास और भावुक दृश्य तब सामने आया, जब नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास होते ही उन्होंने खुद सम्राट चौधरी को माला पहनाई। इस दौरान उनके चेहरे पर संतोष और आंखों में हल्की नमी साफ झलक रही थी।

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- “हम तो बहुत दिन से थे… अब बाकी लोग अच्छा काम करेंगे।”

‘मैं पीछे हूँ, आप आगे बढ़िए’- नीतीश का संदेश

अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने साफ कर दिया कि भले ही वह पद से हट रहे हों, लेकिन बिहार के विकास में उनकी भूमिका खत्म नहीं होगी। उन्होंने कहा- अब आप लोग काम संभालिए, नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।

यह बयान एनडीए के भीतर एकजुटता और विश्वास का बड़ा संदेश माना जा रहा है।

PM मोदी के नेतृत्व का किया जिक्र

अपने भाषण में नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र से मिले सहयोग ने बिहार के विकास को नई गति दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार इस गति को और तेज करेगी।

‘टॉप राज्यों’ की राह पर बिहार- नीतीश का विश्वास

विदाई के इस पल में भी नीतीश कुमार का फोकस बिहार के भविष्य पर ही रहा। उन्होंने कहा कि राज्य अब देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

एक युग का अंत, नई पारी की शुरुआत

2005 से शुरू हुआ नीतीश कुमार का ‘सुशासन’ दौर अब औपचारिक रूप से समाप्त हो चुका है। लेकिन जिस सहजता और भावुकता के साथ उन्होंने सत्ता का हस्तांतरण किया, उसने इस बदलाव को और भी ऐतिहासिक बना दिया।

अब सभी की नजर सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार पर टिकी है, जो बिहार की राजनीति को नई दिशा देने के लिए तैयार है।