JDU में फिर ‘नीतीश युग’ की मुहर! राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज भरेंगे नामांकन
Mar 19, 2026, 11:22 IST
Bihar Political News: बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़ा संकेत मिलने जा रहा है। नीतीश कुमार आज JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। यह प्रक्रिया न्यू दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में शाम 4 बजे पूरी होगी।
सूत्रों की मानें तो इस बार भी पार्टी के अंदर कोई चुनौती नहीं है और नीतीश कुमार का निर्विरोध अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में जदयू के अंदर एक बार फिर उनके नेतृत्व पर मुहर लगती दिख रही है।
नामांकन के दौरान बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और राज्यसभा सांसद संजय झा मौजूद रहेंगे। संजय झा नामांकन पत्र के मुख्य प्रस्तावक होंगे, जबकि श्रवण कुमार भी प्रस्तावक के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं में इस प्रक्रिया को लेकर खासा उत्साह है। जदयू के अंदर यह संदेश साफ तौर पर देखा जा रहा है कि संगठन और नेतृत्व दोनों स्तर पर स्थिरता बरकरार है।
यह नामांकन सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जदयू में नीतीश कुमार के मजबूत पकड़ और उनके नेतृत्व पर पार्टी की एकजुटता का बड़ा संकेत माना जा रहा है।







