‘चारों सदनों के साक्षी’ बने नीतीश कुमार: 1 अन्ने मार्ग पर बधाइयों का तांता, जदयू ने बताया बिहार का गौरव क्षण
मुलाकात के बाद जारी बयान में अरविंद निषाद ने कहा कि नीतीश कुमार अब भारतीय लोकतंत्र के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें संसद और विधानसभा के सभी चारों सदनों- लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद का सदस्य रहने का अनुभव प्राप्त है। इसे उन्होंने एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री के लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक, हर भूमिका में नीतीश कुमार ने जनसेवा की नई मिसाल पेश की है। उनका अनुभव न सिर्फ बिहार बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी एक बड़ी पूंजी है।
जदयू प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि राज्यसभा में नीतीश कुमार की मौजूदगी से बिहार की आवाज और अधिक मजबूती से उठेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच हमेशा समावेशी विकास की रही है और अब उच्च सदन में वे इसी दृष्टिकोण के साथ देश के विकास में योगदान देंगे।
इस मौके को जदयू ने केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बिहार के सम्मान से जोड़कर देखा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि नीतीश कुमार का यह नया दायित्व राज्य और देश दोनों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।







