Newshaat_Logo

संसद भवन में पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार, बांकीपुर उपचुनाव के बाद बढ़ीं राजनीतिक चर्चाएं

 
संसद भवन में पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार, बांकीपुर उपचुनाव के बाद बढ़ीं राजनीतिक चर्चाएं

Bihar news: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहे। इस मुलाकात को औपचारिक बताया गया है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक मुद्दों और विभिन्न राष्ट्रीय विषयों पर संक्षिप्त चर्चा हुई। हालांकि, किसी विशेष एजेंडे की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बांकीपुर उपचुनाव के बाद बढ़ी सियासी हलचल

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बिहार की राजनीति बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को लेकर गर्म है। इस सीट पर एनडीए को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद गठबंधन के भीतर चुनावी प्रदर्शन को लेकर मंथन का दौर शुरू हो गया है।

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। प्रशांत किशोर को 64,117 वोट (49.23%) मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 44,794 वोट (34.40%) हासिल हुए। वहीं, राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता 14,263 वोट (10.95%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

हार के बाद एनडीए में मंथन

उपचुनाव के परिणाम सामने आने के बाद भाजपा और जदयू दोनों ने हार के कारणों की समीक्षा करने की बात कही है। दूसरी ओर, विपक्ष इस नतीजे को लेकर लगातार एनडीए सरकार पर निशाना साध रहा है और इसे बिहार की बदलती राजनीतिक तस्वीर का संकेत बता रहा है।

ऐसे राजनीतिक माहौल के बीच संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की यह मुलाकात स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि इसे औपचारिक शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच इस मुलाकात पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।