बजट सत्र के बीच आज होगी नीतीश कैबिनेट की अहम बैठक, शाम 5 बजे संवाद कक्ष में जुटेंगे सभी मंत्री
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक बैठक का समय शाम 5 बजे तय किया गया है। हालांकि अगर उस समय विधानमंडल की कार्यवाही चलती रही, तो कैबिनेट बैठक सदन की कार्रवाई खत्म होते ही शुरू कर दी जाएगी।
इस बैठक में मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा विकास आयुक्त, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव और सभी विभागों के सचिवों को भी मौजूद रहने को कहा गया है, ताकि जरूरी प्रस्तावों पर तुरंत निर्णय लिया जा सके।
बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी पूरी तैयारी कर ली गई है। सुरक्षा, बिजली, भवन और तकनीकी व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईटी और अन्य जरूरी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं, ताकि बैठक के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो।
उम्मीद की जा रही है कि बजट सत्र के दौरान सरकार कुछ अहम फैसलों और प्रस्तावों पर कैबिनेट की मंजूरी ले सकती है।







