Movie prime

शाम 4 बजे नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, BJP के 7 विधायक ले सकते हैं शपथ

 
बिहार में आज शाम 4 बजे नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इसे लेकर राजभवन में तैयारियां शुरू हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक बीजेपी के 7 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। JDU कोटे से कई नया मंत्री नहीं होगा।
शपथ लेने वाले विधायकों को राजभवन से फोन आने शुरू हो गए हैं। एक विधायक ने बताया कि देर रात ही दिलीप जायसवाल ने 7 विधायकों को कॉल कर पटना आने के लिए बोल दिया था।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने CM नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा सौंपा।
अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ मंत्रियों की लिस्ट लेकर राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल के प्रधान सचिव को शपथ लेने वाले विधायकों की लिस्ट सौंपी।
इस्तीफा देने के बाद दिलीप जायसवाल ने कहा- 'BJP में एक व्यक्ति एक पद का फॉर्मूला है, इसलिए मैंने आज मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कैबिनेट विस्तार होना तय है। ये मुख्यमंत्री जी का अधिकार है। इसमें जातीय समीकरण का भी ध्यान रखा जाएगा।'
'मैंने राजस्व विभाग में हमेशा अच्छा करने की कोशिश की। भविष्य में भी मेरे बारे में चर्चा चलेगी। राजस्व विभाग में हमने सर्वे का काम शुरू किया था। उस दौरान उथल-पुथल मची हुई थी। हमने फिर भी अपना काम जारी रखा। 14 करोड़ पन्नों को हमने डिजिटल किया।'
नीतीश कुमार की मौजूदा कैबिनेट में कुल 30 मंत्री हैं। 6 मंत्रियों की जगह खाली है। बुधवार को दिलीप जायसवाल के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कुल 7 जगह खाली हो चुकी हैं। अभी तमाम ऐसे मंत्री हैं जिनके पास एक से ज्यादा विभाग हैं। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरता रहा है।
इसी कारण चुनाव के पहले कैबिनेट विस्तार किया जा रहा है। सरकार कैबिनेट विस्तार के जरिए जातिगत समीकरण को भी साधना चाहती है। कैबिनेट में जो नए मंत्री शपथ लेंगे उनमें भी जातिगत समीकरण के हिसाब से ही मंत्री बनाए जाएंगे।