Newshaat_Logo

पिता को नीतीश ने बनाया विधायक अब बेटे को MLC बनाने के लिए एनडीए नेताओं ने लगा दी लाइन, सम्राट के लिए कन्हैया की जीत इस बजह से जरूरी

 
पिता को नीतीश ने बनाया विधायक अब बेटे को MLC बनाने के लिए एनडीए नेताओं ने लगा दी लाइन, सम्राट के लिए कन्हैया की जीत इस बजह से जरूरी

Arah News: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद सम्राट चौधरी के सामने पहली बड़ी चुनावी चुनौती खड़ी है। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव को लेकर एनडीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आरा के रामलीला मैदान में आयोजित नामांकन सभा में गठबंधन के तमाम बड़े चेहरों ने शिरकत की। पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने इसे 'सुशासन की मजबूती' का चुनाव करार दिया। कन्हैया प्रसाद को भारी मतों से जिताने की अपील की। ये चुनाव न केवल एनडीए के शक्ति प्रदर्शन का जरिया है, बल्कि ये सम्राट चौधरी के नेतृत्व क्षमता पर जनता और पंचायत प्रतिनिधियों के भरोसे की पहली बड़ी मुहर होगी।

पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ये सम्राट चौधरी सरकार की पहली परीक्षा है। उन्होंने जोर दिया कि भोजपुर-बक्सर सीट पर जीत मिलने से न केवल सरकार को मजबूती मिलेगी, बल्कि राज्य में विकास कार्यों की गति भी तेज होगी। इस सीट को जीतना एनडीए के मनोबल के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है। इस नामांकन सभा में जिस तरह से भाजपा, जदयू, लोजपा (आर), हम और रालोमो के नेताओं ने एकजुटता दिखाई है, उससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब सबकी नजरें मतदान और सम्राट चौधरी के इस पहले 'लिटमस टेस्ट' के परिणाम पर टिकी हैं।

नामांकन सभा में गठबंधन की एकजुटता साफ दिखी। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और 'हम' के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का आशीर्वाद एनडीए के साथ है। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और लोजपा नेता हुलास पांडेय ने भी हुंकार भरते हुए कहा कि ये धरती हमेशा से एनडीए की समर्थक रही है।

संदेश से जेडीयू विधायक राधाचरण साह और अन्य नेताओं ने पंचायत प्रतिनिधियों के मान-सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया। उन्होंने सदन में प्रतिनिधियों की आवाज उठाने का वादा किया। भोजपुर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गाराज की अध्यक्षता में सभी दलों ने साझा रणनीति तैयार की। कन्हैया प्रसाद के पिता राधाचरण साह को नीतीश कुमार ने विधायक बनाया था, अब बेटे की साख दांव पर है। नेताओं ने दावा किया कि सुशासन की सरकार को लगातार बनाए रखने के लिए भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट पर कब्जा बरकरार रखना जरूरी है।

बिहार विधान परिषद के भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट पर 12 मई को मतदान है। जेडीयू के राधाचरण साह के संदेश सीट से विधायक बन जाने की वजह से हो रहा है। उपचुनाव में जेडीयू (एनडीए) की ओर से नीतीश कुमार ने राधाचरण के बेटे कन्हैया प्रसाद को बनाया उम्मीदवार बनाया है। महागठबंधन की ओर से आरजेडी ने कारोबारी सोनू कुमार राय को उम्मीदवार बनाया है। वह आरजेडी के पुराने वफादार और लालू यादव के करीबी लालदास राय के बेटे सोनू राय हैं।

बिहार में स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 24 सीटें हैं, इसके वोटर आमलोग नहीं होते हैं। त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि ही वोट डालते हैं। वार्ड पार्षद, मुखिया, बीडीसी, जिला परिषद सदस्य ही प्राधिकार के वोटर हो सकते हैं। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या लगभग 6 हजार है।