Newshaat_Logo

नित्यानंद राय का बड़ा फैसला, अब छोटे काफिले के साथ करेंगे दौरा: पेट्रोल-डीजल बचाने की पहल

 
नित्यानंद राय का बड़ा फैसला, अब छोटे काफिले के साथ करेंगे दौरा: पेट्रोल-डीजल बचाने की पहल
Political news: नित्यानंद राय ने पेट्रोल-डीजल की बचत और वीआईपी कल्चर कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने अपने आधिकारिक दौरों के दौरान सुरक्षा काफिले में वाहनों की संख्या घटाने का फैसला लिया है।

मंत्री कार्यालय की ओर से बिहार सरकार को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अब उनके दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में केवल दो वाहन ही शामिल होंगे। इनमें एक वाहन Central Reserve Police Force (CRPF) का और दूसरा राज्य पुलिस का रहेगा।

इस फैसले के बाद जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा लगाए जाने वाले अतिरिक्त एस्कॉर्ट वाहनों को भी बंद करने का निर्देश दिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे ईंधन की बचत होगी और सड़कों पर आम लोगों को ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियों का सामना कम करना पड़ेगा।

यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण मुहिम से जोड़कर देखी जा रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ईंधन बचाने और संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की थी।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नित्यानंद राय के इस फैसले की चर्चा तेज हो गई है। आमतौर पर केंद्रीय मंत्रियों के दौरे के दौरान लंबा काफिला देखने को मिलता है, लेकिन इस पहल को सादगी और “जीरो वीआईपी कल्चर” की ओर बढ़ते कदम के रूप में देखा जा रहा है।

माना जा रहा है कि इस फैसले के बाद अन्य जनप्रतिनिधियों पर भी अपने काफिले को सीमित करने का दबाव बढ़ सकता है। वहीं प्रशासन अब मंत्री के आगामी कार्यक्रमों की तैयारी नए सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कर रहा है।