Newshaat_Logo

राघोपुर दियारा नाव हादसा में पीड़ित परिजनों से मिले नित्यानंद राय, बोले- दुख की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार पूरी मजबूती से आपके साथ

राघोपुर दियारा में हुए भीषण नाव हादसे में मृत मासूम बच्चों एवं लोगों के परिजनों से मिलकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने गहरी संवेदना व्यक्त की।
 
नित्यानंद राय

राघोपुर दियारा में हुए भीषण नाव हादसे में मृत मासूम बच्चों एवं लोगों के परिजनों से मिलकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र की पूरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। केंद्र और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हर मृत व्यक्ति के परिवार को दो लाख ,घायल को पचास हजार और मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक परिवार को चार चार लाख की मुआवजा राशि की घोषणा की गई है। 

 राय ने जिलाधिकारी वैशाली को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि टूटी,खराब या क्षतिग्रस्त नावों को मरम्मती के बाद हीं नदी में परिचालन हेतु सुनिश्चित किया जाये । क्योंकि नदी में चलने वाली हर नाव पर उसमें सवार लोगों की सुरक्षा और उनके परिवारों की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।उन्होंने इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही । उन्होंने बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा से भी बात कर जर्जर या क्षतिग्रस्त नावों के परिचालन पर रोक लगाने की बात कही है और कहा है कि विभाग द्वारा यह निर्देश हो कि नावों की मरम्मती या सुरक्षित नाव के माध्यम से हीं नदी में परिचालन हो ।

उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव आर्थिक सहायता एवं हर संभव सहयोग कराने की बात कही। 

उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों सहित अन्य लोगों की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुःख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।