अब नाम नहीं, काम पर होगा समर्थन : अल्पसंख्यक समाज के बदले सुर से बिहार की राजनीति में हलचल
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि यह कोई औपचारिक राजनीतिक बैठक नहीं, बल्कि समाज के बुद्धिजीवियों के साथ सौहार्दपूर्ण संवाद था। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने स्पष्ट कहा है कि अब वे केवल बड़े-बड़े दावों और दिखावे की राजनीति से प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि उन लोगों का समर्थन करेंगे जो जमीन पर काम करते हैं और समाज के विकास के लिए ईमानदारी से प्रयास करते हैं।
NDA सरकार के कार्यों पर जताया विश्वास
डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए लगातार कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि समाज के लोगों ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया है तथा एनडीए के प्रति अपना भरोसा मजबूत किया है।
आनंद मोहन के बयान पर कुछ भी बोलने से बचे
पत्रकारों द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर विजय चौधरी ने कोई टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने बार-बार यही कहा कि उन्होंने वह बयान नहीं देखा है और इस विषय पर फिलहाल कुछ नहीं कहेंगे।
“बिहार में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर”
वहीं, दूसरे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के उस बयान का भी विजय चौधरी ने समर्थन किया, जिसमें बिहार से बाहर गए प्रवासी युवाओं की वापसी की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग, निवेश और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार मिलेगा, जिससे पलायन की स्थिति धीरे-धीरे कम होगी।







