अब रातभर लड़का-लड़की आराम से घूमते हैं, CM नीतीश ने पूछा- 2005 से पहले ऐसा नहीं होता था

पटना के बापू सभागार में बुधवार को संत रविदास की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। कार्यक्रम में पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमने शुरुआत से ही अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए काफी काम किया। पहले वाला कोई कुछ करता था जी, यह सब हमलोग साथ में आने के बाद किए हैं।
सीएम ने यह भी कहा कि बीच में हम ही लोग जो दो बार डेढ़ साल अलग हुए। इसके बाद हमें पता चला कि ये लोग कभी कुछ नहीं करेगा। हम लोग तो आपस में एक साथ हैं। आगे भी साथ में काम करेंगे।2005 से पहले क्या होता था। शाम में कोई घर से बाहर निकलता था। अब बताइए लोग कितने देर तक बाहर घूमते हैं। रात में 10:00 बजे 11:00 तक लड़का-लड़की सभी लोग आराम से घूमते हैं।

मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेई का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार में मंत्री थे। उन्होंने बिहार का मुख्यमंत्री बनाया। उस समय से ही सारा काम मिलकर कर रहा हूं। अभी भी हम सभी जगह घूम रहे हैं। एक-एक चीज को देख रहे हैं।
वहीं, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि 'गांधी परिवार सोचता है कि कोई और इस देश का वित्त मंत्री या प्रधानमंत्री नहीं बने। लेकिन, गांधी परिवार को पता होना चाहिए कि देश में लोकतंत्र है और लोकतंत्र में जनता तय करती है कि प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री कौन होगा।'
मंत्री अशोक चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि आजादी के बाद किसी राज्य के दलित मुख्यमंत्री ने दलितों के लिए इतना काम नहीं किया, जितना काम नीतीश कुमार ने दलितों के लिए किया है। 2023 से 24 में आप लोगों के जब बीच हमलोग जाते थे तो आपलोग वेतन बढ़ाने की बात करते है। इस काम को हमारी सरकार ने किया है। आगे भी आप विकास मित्रों के लिए हमलोग काम करते रहेंगे।