Movie prime

रायबरेली से राहुल गांधी की उम्मीदवारी पर बोले सिन्हा- देश के किसी कोने से चुनाव लड़ लें, पूरी तरह से हारेंगे

 

 कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इस लीट पर राहुल गांधी की उम्मीदवारी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं, अब इस पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह से चुनाव हारेंगे, उन्हें जनता का विश्वास नहीं मिल रहा। 
 

विजय कुमार सिन्हा ने कहा, राहुल गांधी देश के किसी कोने से चुनाव लड़ लें, जनता का विश्वास उन्हें नहीं मिल रहा है और वे डरे हुए हैं... ऐसे लोग जो ईमानदारी से विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पाए वो कैसे देश का नेतृत्व करने का सपना देख रहे हैं... वे(राहुल गांधी) पूरी तरह से चुनाव हारेंगे और वे राजनीति में अस्वीकृत किए जा चुके हैं।
 

तेजस्वी पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके पास बोलने को कुछ नहीं है। उनके शासनकाल में दलितों के साथ क्या नहीं हुआ। उनके शासन काल में बच्चों के साथ बलात्कार हुआ। लेकिन आज तक एक शब्द उनके मुंह से नहीं निकाला। उन्होंने कहा कि ये लोग सामंती प्रथा को लाना चाहते हैं। क्योंकि यह चार्टर विमान में अपना बर्थडे मनाते हैं और केक काटते हैं।
 

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की उस रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे जिससे उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से चुनाव जीतती आई हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार तड़के रायबरेली और अमेठी सीट पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। गांधी परिवार के करीबी माने जाने किशोरी लाल शर्मा को अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। राय बरेली में राहुल गांधी के नामांकन दाखिल करने के दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी।