छठ महापर्व के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ वातावरण, पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ खरना का अनुष्ठान
पटना: लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पटना स्थित 3, टेलर रोड आवास पर पारंपरिक विधि-विधान एवं पूरे श्रद्धा-भक्तिभाव के साथ खरना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छठ महापर्व की पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक मान्यताओं का विशेष ध्यान रखते हुए खरना का प्रसाद तैयार किया गया। पूरे आवासीय परिसर में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
खरना के इस पावन अवसर पर बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ,केंद्रीय मंत्री माननीय चिराग पासवान सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं शुभचिंतक उपस्थित हुए। सभी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आवास पर पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि युवा पीढ़ी ने इस पावन पर्व को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनाया है। नई पीढ़ी द्वारा छठ की परंपराओं एवं मान्यताओं को आत्मसात किए जाने के परिणामस्वरूप आज यह महापर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार के अनेक युवा शिक्षा एवं रोजगार के सिलसिले में अमेरिका सहित देश-विदेश के विभिन्न शहरों में रहते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को कभी नहीं छोड़ा। यही कारण है कि आज छठ महापर्व की गूंज केवल देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। बिहार से बाहर रहने वाले लोग भी उसी श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लास के साथ इस महापर्व को मनाते हैं। विशेष बात यह है कि अब केवल बिहारवासी ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों एवं क्षेत्रों के लोग भी पूरी आस्था और भक्तिभाव के साथ छठ महापर्व मनाने लगे हैं।
उन्होंने छठी मइया से कामना करते हुए कहा कि बिहार सहित पूरे देश के सभी लोग स्वस्थ एवं निरोग रहें। सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहे, चहुंमुखी विकास हो तथा हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे। इस पावन अवसर पर उन्होंने समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं







