Newshaat_Logo

100 दिन पूरे होने पर सम्राट चौधरी का बड़ा रोडमैप, हर जिले में उद्योग, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और लाखों रोजगार का किया ऐलान

Bihar News: सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार कर रही है. औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उनका दावा है कि इससे आने वाले वर्षों में बिहार में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
 
bihar

Bihar News: बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास को लेकर बड़ा विजन पेश किया. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को औद्योगिक राज्य के रूप में स्थापित करना है. इसके लिए हर जिले में उद्योग, नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, निवेश को बढ़ावा और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा.

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार कर रही है. औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उनका दावा है कि इससे आने वाले वर्षों में बिहार में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

100 दिन पूरे होने पर विकास उत्सव का आयोजन

पटना के बीआईटी मेसरा, पटना परिसर में राज्यस्तरीय विकास उत्सव आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और सरकार के अगले विकास एजेंडे की जानकारी दी. इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री भी मौजूद रहे.

11,464 करोड़ की 2,476 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने 11,464 करोड़ रुपये की लागत वाली 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से राज्य में आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी.

215 करोड़ के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने राजवंशी नगर स्थित एलएनजेपी अस्पताल में 215 करोड़ रुपये की लागत से बने 400 बेड वाले ऑर्थोपेडिक एवं न्यूरो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया.

अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, ट्रॉमा सेंटर, रेडियोलॉजी विभाग, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, फिजियोथेरेपी और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध होगी. सरकार का कहना है कि इससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम होगी.


'अब 12 नहीं, 15 घंटे काम करना होगा'

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि बिहार को तेज विकास की राह पर ले जाना है तो कार्य संस्कृति बदलनी होगी. उन्होंने कहा कि अब सिर्फ 10 या 12 घंटे नहीं, बल्कि 12 से 15 घंटे तक मेहनत करनी होगी ताकि बिहार देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा हो सके.

15 अगस्त से रेफरल सिस्टम पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 अगस्त से जिला और अनुमंडलीय अस्पताल सामान्य मरीजों को बिना उचित कारण रेफर नहीं कर सकेंगे.

अगर किसी मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. साथ ही अधिक नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज खोलने के भी निर्देश दिए गए.

हर जिले में एक बड़ा उद्योग लगाने का लक्ष्य

सरकार ने हर जिले में कम-से-कम एक बड़ा उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य रखा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर तक राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश को जमीन पर उतारने की कोशिश की जाएगी. इसके लिए पीपीपी मॉडल के जरिए उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी.

मरीन ड्राइव को 200 किलोमीटर तक विस्तार किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पटना की मरीन ड्राइव को 200 किलोमीटर तक विस्तार दिया जाएगा. इस परियोजना में करीब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है. उन्होंने कहा कि टोल सिर्फ व्यावसायिक उपयोग से जुड़े वाहनों और सेवाओं पर लिया जाएगा.

गन्ना किसानों के लिए 25 नई चीनी मिलों की तैयारी

सरकार ने अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलें शुरू करने का लक्ष्य तय किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि सकरी रैयाम और सासामुसा चीनी मिलों का काम इसी वर्ष शुरू होगा. इससे गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा मिलेगी.

वैशाली में इलेक्ट्रॉनिक्स हब, गया में स्टील प्लांट

सरकार वैशाली के राजापाकड़ में इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स हब स्थापित करेगी. इस परियोजना में 20 से 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है. इससे करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है. वहीं गया में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के तहत स्टील प्लांट विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है.

नदियों के किनारे बनेंगे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बागमती, बूढ़ी गंडक, नारायणी और कोसी के किनारे विकास कॉरिडोर बनाए जाएंगे. इन इलाकों में सड़क नेटवर्क के साथ औद्योगिक कॉरिडोर और आधुनिक रिवर-फेसिंग टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की जाएगी.

100 दिनों की उपलब्धियों की बुकलेट जारी

कार्यक्रम में सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित 'सेवा, संकल्प और समर्पण' पुस्तिका जारी की गई. साथ ही योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल और प्रिंट प्रचार रथों को भी रवाना किया गया.

सरकार का कहना है कि आने वाले समय में स्वास्थ्य, रोजगार, निवेश, उद्योग और आधारभूत संरचना पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा.