Movie prime

मोकामा की घटना पर सूरजभान सिंह बोले- रावण का भी अंत हो गया था

 

मोकामा गैंगवार मामले में बाहुबली पूर्व विधायक और छोटे सरकार के नाम से विख्यात अनंत सिंह ने शुक्रवार को बाढ़ कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गयी थी। सोनू सिंह की मां उर्मिला सिन्हा की शिकायत पर उन पर एफआईआर दर्ज किया गया था। कोर्ट ने अनंत सिंह को चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया है।  इसके बाद अनंत सिंह पटना केंद्रीय कारगार बेउर जेल पहुंच गए हैं। 

इस बीच पूरे मामले पर पूर्व सांसद सूरजभान सिंह का रिएक्शन सामने आया है। सूरजभान सिंह ने अनंत सिंह की तुलना रावण से की है। 

पूरे मामले पर पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने कहा कि किसी भी विधायक या पूर्व विधायक का यह काम नहीं है लेकिन अनंत सिंह तो यही काम करते रहे हैं। यह काम प्रशासन का है और उसे ही करने देना चाहिए। किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए ऐसा काम शोभा नहीं देता है। राज्य के किसी भी जिले में इस तरह का काम किसी भी विधायक और पूर्व विधायक के लिए घातक है। 

सूरजभान सिंह ने अनंत सिंह की तुलना रावण से करते हुए उन्हें बड़ी नसीहत दे दी और कहा कि यह पृथ्वी लोक है और यहां रावण से भी ताकतवर कोई नहीं हुआ था लेकिन उसका भी अंत हो गया। उन्होंने कहा कि जनता से ज्यादा ताकतवर कोई नहीं होता है। इस दौरान उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध समेत अन्य मुद्दों पर अपने विचार रखे।