सीमांचल में ओवैसी की हुंकार: “विकास रुका तो विधायक भी चैन से नहीं बैठेंगे” AIMIM चीफ बोले- सीमांचल की तरक्की ही मेरी पहली प्राथमिकता
Bihar news: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को सीमांचल के बायसी और अमौर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं कीं। चुनाव बाद पहली बड़ी सभा में ओवैसी ने AIMIM उम्मीदवार की जीत पर जनता का आभार जताया और साथ ही सरकार को दो-टूक चेतावनी भी दे दी।
सीमांचल की अनदेखी बर्दाश्त नहीं—ओवैसी का साफ संदेश
ओवैसी ने कहा कि सीमांचल का विकास सिर्फ चुनावी वादा नहीं, बल्कि उनकी राजनीति की रीढ़ है। उन्होंने मंच से घोषणा की “जब तक सीमांचल के लोगों को उनका हक नहीं मिलेगा, तब तक यहां के विधायक चैन से नहीं बैठेंगे।”
उन्होंने कहा कि वे खुद लगातार इलाके से लेकर सचिवालय तक दौरा करते रहेंगे और विकास की हर योजना की समीक्षा करेंगे। ओवैसी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील की कि सीमांचल को सिर्फ आंकड़ों में नहीं, ज़मीन पर भी प्राथमिकता दी जाए।
“पसमांदा इलाका है, पर जनता बेहद जागरूक”
ओवैसी ने अपने भाषण में सीमांचल को “पसमांदा इलाका” बताया, लेकिन साथ ही यहां के लोगों की जागरूकता और राजनीतिक समझ की तारीफ की।
उन्होंने कहा- “यहां की जनता भले सालों से पिछड़ती रही हो, लेकिन यह संजीदा और समझदार है। इन्हें हक चाहिए, तरक्की चाहिए और इसके लिए AIMIM हमेशा लड़ाई लड़ेगी।”
“हक दिलाकर ही दम लेंगे”
अपने भाषण के अंत में ओवैसी ने दोहराया कि उनकी पार्टी सीमांचल के मुद्दों को हर स्तर पर उठाएगी—चाहे वह सड़क, अस्पताल, रोजगार, बाढ़ राहत हो या शिक्षा। उन्होंने वादा किया कि AIMIM सीमांचल के हर परिवार की आवाज बनेगी और “हक दिलाकर ही दम लेगी।”







