पप्पू यादव का सियासी प्रहार: कांग्रेस गठबंधन पर सवाल, ‘जिहाद’ बयान का समर्थन, भाजपा पर गंभीर आरोप और गिरिराज सिंह की संपत्ति जांच की खुली चुनौती
Bihar Politics: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने रविवार को राजनीति, धर्म, गठबंधन और सत्ता सभी मोर्चों पर तीखे हमले बोले। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ खुलकर बयान दिए, कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाए, मौलाना मदनी के ‘जिहाद’ बयान का खुलकर समर्थन किया और भाजपा नेताओं पर सीधे आरोप लगाए। उनके बयानों ने बिहार की सियासत में एक बार फिर गर्मी ला दी है।
“कांग्रेस गठबंधन में क्यों है?”—पप्पू यादव का बड़ा सवाल
कांग्रेस की समीक्षा बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव बोले:
• “कांग्रेस को अब बिहार में गठबंधन में रहने की कोई जरूरत नहीं।”
• “चुनाव अभी दूर हैं, सभी पार्टियाँ अपने संगठन को मजबूत करें।”
• “जनहित के मुद्दों पर विपक्ष एक है, लेकिन गठबंधन का कोई मतलब नहीं है।”
उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस की मौजूदा ‘गठबंधन नीति’ समझ से परे है।
मौलाना मदनी के ‘जिहाद’ बयान का समर्थन
मौलाना मदनी द्वारा अत्याचार के खिलाफ ‘जिहाद’ कहे जाने पर पप्पू यादव ने उनका समर्थन करते हुए कहा:
• “जिहाद का मतलब आतंकवाद नहीं, अपने बचाव के लिए आवाज उठाना होता है।”
• “जैसे हिंदू मुश्किल वक्त में भगवान को याद करते हैं, वैसे ही मुस्लिम जिहाद शब्द का इस्तेमाल करते हैं।”
• “जब गरीबों के घर बुलडोजर चलें, बिना कानून कार्रवाई हो, तो लोग आखिर करें क्या?”
उन्होंने कहा कि जब इंसान के पास कोई रास्ता नहीं बचता, तब वह “मरता क्या नहीं करता” वाली स्थिति में पहुंच जाता है।
बाबरी मस्जिद और तीन तलाक पर सुप्रीम कोर्ट के फैसलों पर टिप्पणी
मदनी के बयान पर चर्चा के दौरान पप्पू यादव बोले:
• “बाबरी मस्जिद और तीन तलाक का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी के दबाव में दिया।”
• “मुस्लिम समाज ने फैसला मान लिया था, विरोध नहीं किया—अब बोलने से क्या फायदा?”
इस बयान के बाद राजनीतिक बहस और तीखी होने के आसार हैं।
गांधी परिवार को ‘फंसाने’ का आरोप
नेशनल हेराल्ड केस पर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा:
• “गांधी परिवार को फिर से फंसाया जा रहा है, ताकि असली मुद्दों से ध्यान हटे।”
• “मोदी और शाह से राहुल–सोनिया सात जन्म तक नहीं डरेंगे।”
उन्होंने लालू–राबड़ी को आवास खाली कराने के नोटिस को भी “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” बताया।
गिरिराज सिंह की संपत्ति जांच की मांग
भाजपा नेता गिरिराज सिंह द्वारा लालू यादव की संपत्ति पर उठाए सवालों पर पलटवार करते हुए पप्पू यादव ने कहा:
• “हमाम में सब नंगे हैं।”
• “गिरिराज सिंह 30 साल की अपनी संपत्ति महादेव और संविधान की कसम खाकर जांच कराएं।”
• “भाजपा नेताओं और अधिकारियों की संपत्ति की भी हाई कोर्ट मॉनिटरिंग में जांच होनी चाहिए।”
उनके बयानों ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।







