Movie prime

खत्म हुई पैरोल, जेल लौटे अनंत सिंह, बोले- बहुत जल्द लौटूंगा

 

मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली अनंत सिंह की पैरोल 19 मई की रात को खत्म हो गई। जिसके बाद देर रात वो फिर से बेऊर जेल पहुँच गए। 5 मई को वो जेल से 15  दिन के पैरोल पर बाहर आए थे। जिसके पीछे वजह जमीन का बंटवारा करना बताया गया था। इसी आधार पर राज्य के गृह विभाग ने उन्हें पैरोल पर जेल से बाहर आने की इजाजत दी थी

 पैरोल का समय पूरा होने के कारण वे वापस जेल पहुंचे। वहीं, जेल जाने से पहले अनंत सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया है। जिसमें लिखा है- सौभाग्य न सब दिन सोता है, देखें, आगे क्या होता है। आप समस्त जनता मालिक, समर्थकों से वादा है बहुत जल्द लौटेंगे।

अनंत सिंह के वकील सुनील सिंह और जेल प्रशासन से बात की। इनके अनुसार 20 मई को उन्हें जेल प्रशासन के पास पहुंचना था। उन्हें खुद समर्पण करना था। पैरोल के तहत वापसी का एक समय तय होता है। जेल प्रशासन के अनुसार हर दिन सुबह 5 बजे कैदियों की गिनती होती है। अनंत सिंह को उसके पहले पहुंचना था। वे देर रात ही जेल पहुंच गए।

मालूम हो कि , 2022 में एक महीने के अंतराल पर अनंत सिंह को पटना के कोर्ट की तरफ से दो अलग-अलग केस में 10-10 साल की सजा मिल चुकी है। 21 जून 2022 स्पेशल जज त्रिलोकी दुबे के इसी कोर्ट ने बाढ़ में गांव वाले घर से बरामद हथियार AK-47 के केस में अनंत सिंह को 10 साल की ही सजा दी थी। इसी सजा के बाद अनंत सिंह की विधायकी भी चली गई थी।

उधर, विधानसभा से उनकी सदस्यता को खत्म कर दिया गया था। इसके ठीक एक महीने बाद 21 जुलाई 2022 को पटना के सचिवालय थाना में दर्ज 2015 के केस में भी उन्हें 10 साल की सजा दी गई थी। यह केस सरकारी आवास से अत्याधुनिक हथियार इंसास के 6 खाली मैगजीन और एक बुलेट प्रूफ जैकेट की बरामदगी का था। जिसमें 7 साल बाद उन्हें सजा मिली थी