Movie prime

पटना में बनेगा पटनदेवी शक्तिपीठ कॉरिडोर, छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ का गठन: सम्राट चौधरी

 
पटना में बनेगा पटनदेवी शक्तिपीठ कॉरिडोर, छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ का गठन: सम्राट चौधरी

Bihar political update: बिहार सरकार राजधानी पटना में स्थित शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से और भव्य स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य सरकार की ओर से बड़ी पटनदेवी कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा।

यह जानकारी उन्होंने रविवार को पटना सिटी के राजा घाट स्थित केएल सेवन वेंकट हॉल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए दी। यह समारोह विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद बांकीपुर और पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के सम्मान में आयोजित किया गया था।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसी क्रम में ‘पुलिस दीदी’ के गठन का निर्णय लिया गया है, जो स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि विधायक रत्नेश कुमार को विधानसभा में सचेतक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सरकार की भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य की नौ बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू किया जाएगा, जबकि 25 नई चीनी मिलें स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही गुलजारबाग का नाम बदले जाने और राज्य में 11 विकसित नगर बसाने की योजना है, जिनमें सोनपुर और सीतामढ़ी को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक करोड़ रोजगार सृजित करना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं और हर चुनावी जीत की पहली पहचान होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष की सराहना की।

इस अवसर पर सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, सांसद विवेक ठाकुर, मंत्री नितिन नवीन, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया, प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र, महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा सहित भाजपा और जदयू के कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे