पटना सिटी: “युवा अधिकार संवाद” में पहुंचे कन्हैया कुमार, बोले– मोदी सरकार ने युवाओं को दिया सिर्फ झूठा सपना
Patna City: पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के गुरु के बाग स्थित प्रकाश पुंज रविवार को राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना। यहां युवा कांग्रेस नेता शशांत शेखर के नेतृत्व में “युवा अधिकार संवाद” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा शामिल हुए और अपनी समस्याएं सीधे कांग्रेस नेताओं के सामने रखीं।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ युवा नेता और राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय चेहरा कन्हैया कुमार भी मौजूद रहे।
युवाओं से सीधा संवाद
कन्हैया कुमार ने कार्यक्रम में युवाओं की बातें सुनीं और उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में देश के युवाओं को योजनाबद्ध तरीके से हाशिये पर धकेला जा रहा है। शिक्षा, रोजगार और अवसर के नाम पर सिर्फ वादे किए गए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया।
मोदी सरकार पर हमला
अपने संबोधन में कन्हैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा- “युवाओं को रोजगार देने, नई शिक्षा नीति और अवसर उपलब्ध कराने का वादा कर सत्ता में आई मोदी सरकार ने सिर्फ झूठ पर झूठ बोला है। देश का युवा आज ठगा हुआ महसूस कर रहा है।”
चुनावी तैयारी का ऐलान
कन्हैया कुमार ने आगे बताया कि आने वाले विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुका है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता झूठे वादों और छलावे से तंग आ चुकी है और बदलाव के लिए तैयार है।
हालांकि जब उनसे यह पूछा गया कि वे खुद बिहार की किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने फिलहाल इस सवाल पर चुप्पी साध ली और कोई खुलासा नहीं किया।
युवाओं में उत्साह
“युवा अधिकार संवाद” में शामिल होने आए युवाओं ने भी अपने विचार रखे। रोजगार, महंगाई और शिक्षा की समस्याओं पर उन्होंने नेताओं का ध्यान खींचा। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं की भारी भीड़ देखकर साफ था कि इस संवाद में उनकी गहरी दिलचस्पी है।
रिपोर्टर: मुकेश कुमार







