पटना स्नातक MLC चुनाव: अनुज सिंह के समर्थन में आज फिर नालंदा जाएंगे अनंत सिंह, निकालेंगे जन आशीर्वाद यात्रा
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। इसी कड़ी में मोकामा से विधायक अनंत सिंह आज एक बार फिर नालंदा का दौरा करेंगे। वह डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे और स्नातक मतदाताओं से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
अनंत सिंह इससे पहले भी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर चुके हैं। उन्होंने पटना से बख्तियारपुर तक रोड शो निकालकर उनके पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की थी। अब नालंदा में जनसंपर्क के जरिए वह स्नातक मतदाताओं को साधने की तैयारी में हैं।
नीरज कुमार के समर्थन में उतरेंगे निशांत कुमार समेत कई नेता
दूसरी ओर, जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में भी पार्टी के बड़े नेता चुनाव प्रचार करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई नेता मतदाताओं के बीच पहुंचकर नीरज कुमार के पक्ष में प्रचार करेंगे।
हालांकि, नीरज कुमार के प्रचार कार्यक्रम की सूची में केंद्रीय मंत्री और मुंगेर के सांसद ललन सिंह का नाम शामिल नहीं होने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। जदयू के भीतर जारी खींचतान के बीच इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।
सुबह 9 बजे शुरू होगी अनंत सिंह की यात्रा
अनंत सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा सुबह 9 बजे पटना स्थित उनके आवास से शुरू होगी। इसके बाद वह नालंदा जिले के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर समर्थकों से मुलाकात करेंगे और जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
दोपहर 2 बजे जीतिपुर में उनके भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद भी यात्रा जारी रहेगी और अनंत सिंह विभिन्न इलाकों में लोगों से संपर्क करेंगे। शाम 5 बजकर 45 मिनट पर यात्रा समाप्त कर उनके पटना लौटने का कार्यक्रम है।
इस चुनाव में एक तरफ जदयू अपने आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में ताकत झोंक रही है, तो दूसरी तरफ अनंत सिंह खुलकर डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी मुकाबला अब राजनीतिक रूप से और दिलचस्प होता जा रहा है।







