Newshaat_Logo

पटना मेट्रो 2028 तक होगी पूरी, सीएम सम्राट चौधरी ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

पटना मेट्रो रेल परियोजना वर्ष 2028 तक पूरी होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया और एजेंसी को तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
 
सम्राट चौधरी

पटना में मेट्रो रेल परियोजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने पटना मेट्रो का निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना में मेट्रो परियोजना से जुड़े निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बेली रोड स्थित इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के पास चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि मेट्रो निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेली रोड पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने का भी निर्देश दिया। इनमें पहला फुट ओवरब्रिज जेडी वीमेंस कॉलेज के पास और दूसरा हाईकोर्ट चौराहा तथा बिहार म्यूजियम के नजदीक बनाया जाएगा। इससे लोगों को सड़क पार करने में सहूलियत मिलेगी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी के विकास और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए निर्माण कार्य के दौरान नागरिक सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्माण स्थलों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम लोगों के दैनिक आवागमन पर कम से कम असर पड़े।

इस निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री रामकृपाल यादव, मंत्री शीला कुमारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की ओर से तय समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए काम में कितनी तेजी लाई जाती है और पटना के लोगों को मेट्रो की पूरी सुविधा कब तक मिल पाती है।