प्रियंका के हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग, कैंडल मार्च निकाल मांगा न्याय, पति की गिरफ्तारी के बाद सास-ननद समेत पूरे परिवार की गिरफ्तारी की मांग
गयाजी: शहर के तेल बिगहा की रहने वाली प्रियंका कुमारी की ससुराल में हुई हत्या के विरोध में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रियंका को न्याय दिलाने और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने हिस्सा लेकर न्याय की आवाज बुलंद की।
कैंडल मार्च टिकारी रोड से शुरू होकर राजेंद्र टावर तक पहुंचा। मार्च में शामिल लोगों के हाथों में जलती मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े बैनर थे। इस दौरान लोगों ने 'दहेज प्रथा बंद करो', 'बेटियों को न्याय दो' और 'अन्याय के खिलाफ आवाज उठाओ' जैसे नारे लगाए। पूरे मार्च के दौरान प्रियंका कुमारी को न्याय दिलाने की मांग गूंजती रही।
मार्च में निकले पीड़ित परिजन व लोगों ने बताया कि इस मामले में प्रियंका के पति पंकज की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि, उनका कहना है कि इस हत्याकांड में परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने पुलिस-प्रशासन से प्रियंका की सास, ननद समेत पूरे ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और सभी की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
लोगों ने कहा कि दहेज के नाम पर किसी बेटी की हत्या कर देना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। आखिर कब तक बेटियां दहेज की बलि चढ़ती रहेंगी? समाज में ऐसी कुप्रथा के खिलाफ सभी लोगों को एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है। प्रियंका के साथ हुई घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मार्च में शामिल लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए तथा हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रियंका को न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद होती रहेगी।
कैंडल मार्च के माध्यम से लोगों ने समाज को संदेश दिया कि बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए सभी को आगे आना होगा। दहेज जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है, ताकि किसी दूसरी प्रियंका को इस तरह की दर्दनाक घटना का सामना नहीं करना पड़े।
मौके पर मोहित कुमार, राखी अग्रवाल, ममता कुमारी, वार्ड पार्षद दीपक चंद्रवंशी, उपेंद्र कुमार, अमर कुमार, रणधीर कुमार, शुभम श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद थे।







