Newshaat_Logo

शिक्षकों के 7वें वेतनमान को लेकर PK का NDA सरकार पर निशाना, बोले- लोकसभा चुनाव से पहले दिलाएंगे हक

गोपालगंज: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बयान पर पलटवार करते हुए NDA सरकार को शिक्षकों के मुद्दे पर घेरा। 
 
प्रशांत किशोर

गोपालगंज: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बयान पर पलटवार करते हुए NDA सरकार को शिक्षकों के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि जन सुराज शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने और वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए मौजूदा सरकार पर दबाव बनाएगा। PK ने कहा कि जन सुराज यह नहीं कह रहा कि सरकार बनने के बाद शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, बल्कि लोकसभा चुनाव से पहले ही NDA सरकार से शिक्षकों को उनका हक दिलाने की कोशिश की जाएगी।

प्रशांत किशोर ने कहा कि जब बिहार में NDA की सरकार है और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी इसी सरकार का हिस्सा हैं, तो शिक्षकों की मांगों को पूरा करने की जिम्मेदारी भी मौजूदा सरकार की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुराज शिक्षकों के मुद्दे को भविष्य के भरोसे नहीं छोड़ेगा, बल्कि सरकार से जवाब मांगेगा और शिक्षकों के हक के लिए आवाज उठाएगा।

भगवान राम को PM आवास योजना का लाभार्थी बनाने के बयान पर भी हमला

प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भगवान राम को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभार्थी बनाने संबंधी बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने इसे भाजपा का अहंकार बताते हुए कहा कि बांकीपुर में हार के बाद भी भाजपा नेताओं का अहंकार खत्म नहीं हुआ है।

PK ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता पहले कहते थे कि कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो चुनाव जीत जाएंगे। उन्होंने हनुमान जी को भाजपा के झंडे के साथ जोड़कर प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब भगवान राम को भी लाभार्थी बनाने की बात कही जा रही है।

प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए उनके बयान को अहंकार से प्रेरित बताया। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में भगवान राम, प्रधानमंत्री आवास योजना और भाजपा के राजनीतिक प्रचार को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।

जन सुराज की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने अपने बयान में एक तरफ शिक्षकों के वेतनमान और वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं को उठाया, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के बयान को लेकर भाजपा पर राजनीतिक हमला बोला।