दरभंगा चांदी चोरी कांड पर PK का हमला, बोले- संजय सरावगी से पूछे जाने चाहिए सवाल, अपराधियों का ठिकाना बनी BJP
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने दरभंगा में चांदी चोरी के मामले में संजय सरावगी के करीबी बताए जा रहे व्यक्ति की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को इस मामले में जवाब देना चाहिए, क्योंकि उनके करीबी सहयोगी ऐसे गलत काम में पकड़े गए हैं।
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि यह वही व्यक्ति है, जिसने विधानसभा चुनाव के दौरान जन सुराज के उम्मीदवार का कॉलर पकड़ा था। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराधियों, बदमाशों, लुटेरों और ठगों का ठिकाना भाजपा बन गई है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर भी प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री बिहार में आई भीषण बाढ़ के मुद्दे पर जरूर बात करेंगे। PK ने नवंबर 2025 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर बिहार में NDA की सरकार बनती है तो राज्य में बाढ़ नहीं आएगी।
प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि इस बार बिहार में इतनी भीषण बाढ़ आई, ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताना चाहिए कि बिहार में बाढ़ का कहर आखिर कब रुकेगा और इससे निपटने के लिए सरकार क्या कदम उठाएगी?







