PK का PM मोदी से सवाल- बिहार दूसरे राज्यों के बराबर कब खड़ा होगा? पलायन और बाढ़ से राहत कब मिलेगी
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार की जितनी चिंता करनी चाहिए, उतना फोकस बिहार पर नहीं है। आज प्रधानमंत्री नीतीश सेतु का उद्घाटन करने आ रहे हैं, यह अच्छी बात है।
प्रशांत किशोर ने नीतीश सेतु के निर्माण और नामकरण को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि इस पुल का कॉन्ट्रैक्ट 2014 से पहले का है और रिकॉर्ड में दर्ज है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस पुल का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को जाता है।
PK ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में बिहार दूसरे राज्यों की तुलना में पीछे छूट रहा है। प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी, देश की जीडीपी में बिहार का योगदान और शिक्षा जैसे तमाम मामलों में बिहार पिछड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री बताएं कि बिहार दूसरे राज्यों के बराबर कब खड़ा होगा? बिहार से पलायन कब रुकेगा और बाढ़ की समस्या से लोगों को राहत कब मिलेगी?
नीतीश सेतु के नामकरण पर भी प्रशांत किशोर ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण करने से बेहतर होता कि उनकी सरकार उनके सात निश्चय को ईमानदारी से लागू करती। ऐसा करना नीतीश कुमार के लिए ज्यादा सम्मान की बात होती।







