Newshaat_Logo

PM मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले- पिछली सरकारों ने गरीबों को लूटने का काम किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली से विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पिछली सरकारों पर गरीबों को लूटने का आरोप लगाया.
 
Pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली से विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पिछली सरकारों पर गरीबों को लूटने का आरोप लगाया. साथ ही बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कामकाज और विकास योजनाओं का जिक्र किया. इस दौरान पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया. इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है. प्रधानमंत्री ने 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी. उन्होंने बिहार के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की सराहना की.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देने आए हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के सभी नेताओं का आभार जताया. वैशाली में बड़ी संख्या में जुटे लोगों को देखकर उन्होंने कहा कि यहां उमड़ा जनसमुदाय इतना बड़ा है कि इसे कैमरे में कैद करना भी आसान नहीं होगा.

पीएम मोदी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के सम्मान में इसका नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया है. यह पुल बिहार के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा. इससे लोगों का सफर आसान होगा और दूसरे पुलों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा.

पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था, जब बिहार के गांव बिजली की कमी से जूझते थे. आज वही बिहार बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभा रहा है. उन्होंने इसे राज्य में आए बदलाव का उदाहरण बताया.

प्रधानमंत्री ने महिलाओं की आर्थिक तरक्की का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार में 50 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. सरकार का प्रयास महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ रही है. महिलाओं को रोजगार और कमाई के नए अवसर मिल रहे हैं.

पीएम मोदी ने एनडीए की एकजुटता पर जोर दिया.

उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी घटक दलों को साथ मिलकर लगातार काम करना है. बिहार के विकास के लिए सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को आगे ले जाने के लिए काम कर रही हैं.

विकास योजनाओं का लाभ हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने एनडीए के नेताओं से विकास की इस गति को बनाए रखने की अपील की.