Newshaat_Logo

PM Modi Birthday: 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’, गयाजी में BJP की बड़ी अपील, हर घर जलेगा दीप!

Gayaji: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी. गयाजी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा सांसद भीम सिंह चंद्रवंशी ने बताया कि अभियान के तहत 12 अलग-अलग कार्यक्रम होंगे. 17 सितंबर को रक्तदान कार्यक्रम के साथ शाम में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा.
 
PM MODI

गया से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट 

Gayaji: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से देशभर में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान को लेकर गुरुवार को गयाजी के सर्किट हाउस में भाजपा की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

GAYA

राज्यसभा सांसद भीम सिंह चंद्रवंशी ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा वाली पार्टी है और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करती है। पार्टी का मानना है कि जनता की सेवा ही प्रभु की सेवा है।

अभियान के तहत होंगे 12 अलग-अलग कार्यक्रम

सांसद भीम सिंह चंद्रवंशी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 12 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिए देशभर में करोड़ों लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। बिहार में भी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी की ओर से प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर का दिन विशेष है, क्योंकि इसी दिन भगवान विश्वकर्मा की जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। इसी अवसर पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी।

17 सितंबर को रक्तदान, शाम को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीप’

अभियान के पहले दिन यानी 17 सितंबर को दिन में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शाम को ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का कार्यक्रम होगा।

भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने घरों में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर आशीर्वाद दें

‘मोदी के नेतृत्व में विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा देश’

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती एक ही दिन होना विशेष संयोग है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बिहार के लोगों से सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही 17 सितंबर की शाम अपने घर में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देने का आग्रह किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई भाजपा नेता रहे मौजूद

गयाजी के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के पूर्वी जिला अध्यक्ष विजय मांझी, गुरुआ विधायक उपेंद्र प्रसाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।