पीएम मोदी आज पूर्णिया से बिहार को देंगे 40 हजार करोड़ की सौगात, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
Purnia: चुनावी साल में बिहार की सियासत और सरगर्मी दोनों तेज हो गई हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के एकदिवसीय दौरे पर पूर्णिया पहुंच रहे हैं। यह तीन सप्ताह में उनका दूसरा बिहार दौरा होगा। आज का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक बनने वाला है, क्योंकि पीएम मोदी पूर्णिया से राज्य को करीब 40 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे।
एयरपोर्ट उद्घाटन से शुरू होगा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचने से शुरू होगा। यहां वे पूर्णिया एयरपोर्ट का विधिवत उद्घाटन करेंगे और यहां से पहली वाणिज्यिक उड़ान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी करीब 3 बजकर 30 मिनट पर सिकंदरपुर (शीशाबाड़ी) जनसभा स्थल पर पहुंचकर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य और एनडीए गठबंधन के नेता मौजूद रहेंगे।
एक साथ कई सौगातें
पीएम मोदी अपने इस दौरे में चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें—
• जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस
• सहरसा-छेहरटा (अमृतसर) अमृत भारत एक्सप्रेस
• जोगबनी-ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस
• और अररिया से गलगलिया (ठाकुरगंज) नई रेल लाइन पर पहली ट्रेन का शुभारंभ शामिल है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का शुभारंभ करेंगे।
इन परियोजनाओं का होगा उद्घाटन और शिलान्यास
पीएम मोदी जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, उनमें शामिल हैं:
• विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन – 2,170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह रेल लाइन गंगा नदी के पार सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।
• कोसी-मेची अंतरराज्यीय नदी संपर्क परियोजना (पहला चरण) – 2,680 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना से सिंचाई और जल प्रबंधन को बड़ी राहत मिलेगी।
• भागलपुर में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत एसटीपी और I&D परियोजनाओं का शुभारंभ।
• पूर्णिया में सीमेन उत्पादन केंद्र का उद्घाटन।
• पीरपैंती (भागलपुर) में 3x800 मेगावाट थर्मल पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला।
• सुपौल और कटिहार में सीवरेज ट्रीटमेंट और इंटेक डाइवर्जन कार्य की नींव।
ग्रामीण और शहरी परिवारों को मिलेगा नया आशियाना
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 हजार ग्रामीण और 5,920 शहरी लाभार्थियों को गृह प्रवेश का तोहफ़ा दिया जाएगा। वहीं कटिहार, भागलपुर और दरभंगा जिलों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए नई परियोजनाओं की शुरुआत होगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है। पूर्णिया एयरपोर्ट से लेकर जनसभा स्थल तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।







