Newshaat_Logo

Political news: पटना छात्रा मौत मामला: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पहुंचे पीड़ित गांव, बोले- दोषी चाहे जितना ताकतवर हो, बख्शा नहीं जाएगा

 
Vijay sinha

Political news: पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दा बन गया है। विपक्ष लगातार इस घटना को लेकर सरकार पर हमलावर है और बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। इसी बीच डिप्टी मुख्यमंत्री विजय सिन्हा मंगलवार को जहानाबाद जिले में पीड़ित छात्रा के गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।

डिप्टी सीएम ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और सुशासन की सरकार में किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। जिसने भी कानून तोड़ा है, उसे सख्त सजा मिलेगी।

निष्पक्ष जांच का भरोसा
मीडिया से बातचीत में विजय सिन्हा ने कहा कि यह कोई साधारण मामला नहीं है। पूरे प्रकरण की गहराई से, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी उन्होंने स्पष्ट किया है कि शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई छात्रा की मौत के मामले में अगर कोई दोषी पाया गया, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीजीपी और गृह मंत्री से हुई बात
डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक और गृह मंत्री से सीधी बातचीत की है। गृह मंत्री ने बताया है कि पुलिस पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रही है। जांच में डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों को भी शामिल किया जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

परिवार के साथ सरकार खड़ी
विजय सिन्हा ने कहा कि पीड़ित परिवार का दर्द बहुत बड़ा है और सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने लोगों से धैर्य रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया कि जांच से जुड़े सभी तथ्य समय आने पर सार्वजनिक किए जाएंगे।

डिप्टी सीएम ने दो टूक कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन कायम है और इस मामले में इंसाफ जरूर मिलेगा। अब सबकी नजर जांच की प्रगति और अंतिम निष्कर्ष पर टिकी हुई है।