Movie prime

नीतीश के इस्तीफे से बिहार में सियासी भूचाल! NDA में नई चाल, अब CM कुर्सी पर किसका दावा?

 
नीतीश के इस्तीफे से बिहार में सियासी भूचाल! NDA में नई चाल, अब CM कुर्सी पर किसका दावा?
Bihar Politics: बिहार की राजनीति इस वक्त उबाल पर है और सत्ता के गलियारों में हलचल अपने चरम पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद से दिए गए इस्तीफे को सभापति अवधेश नारायण सिंह ने मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ ही सूबे की सियासत में मानो भूचाल आ गया है और अब सबसे बड़ा सवाल यही है सीएम की कुर्सी आखिर किसके हिस्से आएगी?

राजनीति के माहिर खिलाड़ी माने जाने वाले नीतीश कुमार ने एक बार फिर ऐसा दांव चला है, जिसने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के भीतर नए समीकरणों की बिसात बिछा दी है। अब तक सत्ता की कमान जनता दल (यूनाइटेड) के हाथ में थी, लेकिन दिल्ली की ओर बढ़ते उनके कदमों ने पटना की गद्दी को अनिश्चितता के घेरे में डाल दिया है।

हालांकि जेडीयू खेमे से यह संदेश देने की कोशिश हो रही है कि नीतीश कहीं नहीं जा रहे और सरकार उनके मार्गदर्शन में ही चलेगी। पार्टी नेता नीरज कुमार के बयान भी इसी दिशा में इशारा करते हैं। लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे ‘स्ट्रैटेजिक साइलेंस’ और पावर मैनेजमेंट का हिस्सा मान रहे हैं।

इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री आवास पर ललन सिंह, संजय कुमार झा, विजय चौधरी और अशोक चौधरी जैसे दिग्गज नेताओं की बढ़ती आवाजाही ने साफ कर दिया कि अंदरखाने कोई बड़ा सियासी खाका तैयार हो रहा है। कार्यकारी मुख्यमंत्री का फॉर्मूला भी अब चर्चा में है, जिसे इस सियासी पहेली का अस्थायी समाधान माना जा रहा है।

उधर भारतीय जनता पार्टी फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति पर नजर आ रही है। चुनावी माहौल को देखते हुए पार्टी कोई जल्दबाजी में कदम उठाने के मूड में नहीं दिख रही।

दिलचस्प बात यह है कि मार्च का महीना हमेशा से नीतीश कुमार के लिए खास रहा है और इस बार भी इसी महीने लिया गया उनका फैसला बिहार की सियासत की दिशा बदलने का संकेत दे रहा है।