Newshaat_Logo

बंगाल से बिहार तक सियासी वार- अरुण भारती का ममता पर तीखा हमला, तेजस्वी पर भी कसा तंज

 
बंगाल से बिहार तक सियासी वार- अरुण भारती का ममता पर तीखा हमला, तेजस्वी पर भी कसा तंज
Political news: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर महिला आरक्षण बिल को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होकर भी इस बिल का विरोध करना “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” है।

भारती ने बंगाल की जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि वे सच्चाई को समझें और ममता सरकार को सत्ता से हटाकर एनडीए को मौका दें, ताकि राज्य में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

इसी दौरान उन्होंने बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी तीखा हमला बोला। भारती ने कहा कि जब बिहार विधानसभा की कार्यवाही चलती है, तब तेजस्वी यादव दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार में व्यस्त रहते हैं, जो “ओछी राजनीति” को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी अपने राज्य की जिम्मेदारियों को निभाने में विफल रहे हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की जदयू में बढ़ती सक्रियता पर भारती ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे “अच्छी परंपरा” बताते हुए कहा कि निशांत कुमार पार्टी की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं और लोजपा (रामविलास) उनके साथ खड़ी है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी सांसद ने संकेत दिए कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है, लेकिन जल्द ही विस्तार संभव है और नई टीम के साथ सरकार के कामकाज में तेजी आएगी।

अंत में राहुल गांधी द्वारा बंगाल में ममता सरकार पर हमले को लेकर भारती ने विपक्षी गठबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में साथ आने वाले दल अब राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हैं, जो उनकी “अवसरवादी राजनीति” को उजागर करता है। अरुण भारती के इस बयान ने बंगाल से लेकर बिहार तक सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।