Movie prime

प्रशांत किशोर का जहानाबाद में सियासी हमला: चिराग पासवान, मोहन भागवत और दिलीप जायसवाल को घेरा

 

Bihar: जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को जहानाबाद में एक बार फिर अपने सियासी तेवर दिखाए। शहर के मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर खुलकर निशाना साधा। उन्होंने चिराग पासवान, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को लेकर तीखे सवाल उठाए और जनता से इन मुद्दों पर सोचने की अपील की।

चिराग पासवान पर सवाल:
प्रशांत किशोर ने लोजपा नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर तंज कसते हुए कहा, जो ‘बिहार फर्स्ट’ का नारा देते हैं, वे खुद केंद्र में मंत्री हैं। उनकी पार्टी के पास पाँच सांसद हैं, फिर भी बिहार का कोई विशेष विकास नहीं दिख रहा। यह यक्ष प्रश्न है, जिसका जवाब अब जनता मांग रही है।

मोहन भागवत की उम्र सीमा टिप्पणी पर तंज:
RSS प्रमुख मोहन भागवत द्वारा नेताओं को 75 की उम्र के बाद सक्रिय राजनीति से हटने की सलाह पर प्रशांत किशोर ने कहा, अगर इस विचार में ईमानदारी होती, तो चुनाव से पहले ही कोई ठोस घोषणा होती। अब जब नरेंद्र मोदी दोबारा सत्ता में लौट चुके हैं, तो मोहन भागवत के कहने से वह पद छोड़ने वाले नहीं हैं। यह जनता को भ्रमित करने की कोशिश है।

दिलीप जायसवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर भी निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने एक मेडिकल कॉलेज पर जबरन कब्जा किया है। भाजपा जो खुद को 'पार्टी विद डिफरेंस' कहती है, वह अब तक चुप क्यों है? उन्होंने चुनौती दी कि अगर उनके आरोप झूठे हैं तो भाजपा या दिलीप जायसवाल उन्हें मानहानि का नोटिस दें।

राजनीति में नई दिशा की शुरुआत?
प्रशांत किशोर के इन बयानों ने बिहार की राजनीतिक फिजाओं में गर्मी बढ़ा दी है, खासकर तब जब 2025 विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू हो चुकी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जन सुराज के इस आक्रामक अभियान से राज्य की सियासत को नया मोड़ मिल सकता है।