Newshaat_Logo

बांकीपुर उपचुनाव से पहले PK पर कानूनी शिकंजे की तैयारी? JDU नेता ने थाने में दी शिकायत, AI वीडियो विवाद ने पकड़ा तूल

 
बांकीपुर उपचुनाव से पहले PK पर कानूनी शिकंजे की तैयारी? JDU नेता ने थाने में दी शिकायत, AI वीडियो विवाद ने पकड़ा तूल

Political news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान से ठीक पहले जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विवाद की जड़ JDU की ओर से जारी उस वीडियो को लेकर है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार बांकीपुर उपचुनाव में NDA प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आ रहे हैं।

AI से बनाए गए फर्जी वीडियो का PK ने लगाया था आरोप

दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान JDU ने नीतीश कुमार का एक वीडियो जारी किया था। इसके बाद जन सुराज की ओर से वीडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए दावा किया गया कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है।

जन सुराज ने आरोप लगाया कि इस तरह के वीडियो के जरिए मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है और इसे चुनावी नैतिकता के खिलाफ बताया। हालांकि, JDU ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। पार्टी का कहना है कि वीडियो वास्तविक है और उसमें किसी भी तरह की तकनीकी छेड़छाड़ नहीं की गई है।

नीरज कुमार बोले- हार की आशंका से हताश हैं प्रशांत किशोर

शास्त्री नगर थाने में दी गई शिकायत के बाद नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर पर राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर हताश और निराश हैं और उन्हें अपनी हार दिखाई दे रही है। इसी वजह से वे नीतीश कुमार के वीडियो को लेकर भ्रामक दावे कर रहे हैं।

JDU नेता का आरोप है कि बिना किसी ठोस तकनीकी या कानूनी प्रमाण के वीडियो को फर्जी बताकर न केवल मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश की गई, बल्कि एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता की छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

चुनावी मुकाबले के बीच बढ़ा सियासी तापमान

बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले यह विवाद सामने आया है। सीट पर भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबले की चर्चा है। ऐसे में चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में AI वीडियो को लेकर शुरू हुई राजनीतिक तकरार ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

अब शास्त्री नगर थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत के आधार पर आगे क्या कदम उठाया जाता है। फिलहाल, मतदान से ठीक पहले सामने आए इस विवाद ने बांकीपुर की चुनावी सियासत में एक नया मोड़ ला दिया है।