गया की धरती पर राष्ट्रपति का आगमन: द्रौपदी मुर्मू और एस. जयशंकर का भव्य स्वागत, बढ़ी बिहार की वैश्विक चमक
Gaya News: बिहार की आध्यात्मिक धरती गया उस वक्त गौरव से भर उठी, जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का आगमन हुआ। इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दोनों गणमान्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया की पावन भूमि पर देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति का आगमन पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम नालंदा विश्वविद्यालय में प्रस्तावित है, जिसके क्रम में गया आगमन पर उनका स्वागत करने का अवसर मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे उच्चस्तरीय दौरे बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। गया की धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह भूमि सदियों से विश्व को शांति, ज्ञान और अध्यात्म का संदेश देती रही है।
इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति और विदेश मंत्री के सफल एवं मंगलमय प्रवास की कामना करते हुए कहा कि उनका यह दौरा राज्य के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण साबित होगा।







