Movie prime

बिहार में सियासी सुपरफ़्राइडे: प्रियंका गांधी और अमित शाह होंगे आमने-सामने, पीएम मोदी देंगे बड़ा तोहफ़ा

 
बिहार में सियासी सुपरफ़्राइडे: प्रियंका गांधी और अमित शाह होंगे आमने-सामने, पीएम मोदी देंगे बड़ा तोहफ़ा

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान भले ही अभी बाकी हो, लेकिन सियासी माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। शुक्रवार का दिन राजनीतिक रूप से बेहद अहम साबित होने वाला है। एक ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी मैदान में उतर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में एनडीए और महागठबंधन, दोनों गठबंधन अपनी-अपनी रणनीति को धार देने में जुट गए हैं।

प्रियंका गांधी का महिला संवाद और रैली

प्रियंका गांधी वाड्रा दोपहर 12 बजे पटना के सदाकत आश्रम पहुंचेंगी, जहां वे लगभग 2000 महिलाओं से सीधा संवाद करेंगी। इस कार्यक्रम में घरेलू कामगार, मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, डॉक्टर और वकील जैसी विभिन्न वर्गों की महिलाएं शामिल होंगी।
इसके बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित “हर घर अधिकार रैली” को संबोधित करेंगी। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस रैली में 20 हज़ार से अधिक महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम स्थल पर 40 हज़ार से ज्यादा कुर्सियों और बड़े पंडाल की व्यवस्था की गई है।

अमित शाह का दो दिवसीय कार्यक्रम

वहीं दूसरी ओर, भाजपा के सबसे बड़े रणनीतिकारों में से एक अमित शाह शुक्रवार से बिहार के दौरे पर हैं। वे बेतिया में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे और शाम को पटना में प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे। शनिवार को उनका कार्यक्रम समस्तीपुर के सरायरंजन और अररिया के फारबिसगंज में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का है। आठ दिनों के भीतर शाह का यह दूसरा बिहार दौरा है, जो बताता है कि भाजपा चुनावी मैदान में पूरी ताक़त झोंकने के मूड में है।
इसी बीच भाजपा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी का मानना है कि उनकी रणनीति से संगठन को नया बल मिलेगा।

पीएम मोदी का बड़ा कार्यक्रम

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख जीविका दीदियों के खाते में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त जारी करेंगे। कुल 7,500 करोड़ रुपये की यह राशि सीधे लाभार्थियों को मिलेगी। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महिलाओं से संवाद भी करेंगे।

चुनावी समर की दस्तक

त्योहारों के बीच नेताओं के ताबड़तोड़ दौरे और नई घोषणाओं से साफ है कि बिहार का चुनावी संग्राम अब पूरी तरह शुरू हो चुका है। सियासी पंडितों का मानना है कि 6 अक्टूबर के बाद कभी भी चुनाव की तारीख़ों का एलान हो सकता है।