Newshaat_Logo

राबड़ी देवी की तबीयत खराब होने पर परिवार और समर्थकों में चिंता, तेज प्रताप बोले- सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए

Patna: तेज प्रताप यादव ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से सुरक्षा में बदलाव किया जा रहा है, जबकि जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
 
BIHAR

Patna: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी की तबीयत खराब होने की खबर के बाद शुक्रवार को राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई. स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलने पर उनके बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव उनसे मिलने उनके आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना.

घर से निकाला है, दिल से नहीं' बोलीं राबड़ी देवी, महुआ से चुनाव लड़ रहे तेज  प्रताप को दिया आशीर्वाद - rabri devi supported tej pratap yadav in her  heart blessed for

मिली जानकारी के अनुसार, राबड़ी देवी को अचानक अस्वस्थता महसूस होने के बाद चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। परिवार के सदस्य लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं. तेज प्रताप ने बताया कि राबड़ी देवी अस्वस्थ हैं, इसलिए वह उनका हालचाल जानने पहुंचे थे. हालांकि, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से अभी तक उनकी तबीयत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

सुरक्षा हटाने की बात से किया इनकार

राबड़ी आवास से बाहर आने के बाद तेज प्रताप यादव ने लालू परिवार द्वारा सुरक्षा वापस किए जाने की बात को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि परिवार ने अपनी ओर से कोई सुरक्षा नहीं हटाई है. तेज प्रताप ने कहा कि सिक्योरिटी किसी ने वापस नहीं की है. सुरक्षा गार्ड दबाव में थे. वे बार-बार बता रहे थे कि उनका कमांड हटा दिया गया है. माताजी ने कोई सुरक्षा नहीं हटाई है. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है और सरकार को उस पर ध्यान देना चाहिए.

आरजेडी ने कहा- सुरक्षा वापस कर दी गई

दूसरी ओर, आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सुबह मीडिया से बातचीत में दावा किया कि लालू परिवार ने सरकारी सुरक्षा वापस कर दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार लगातार आरजेडी के शीर्ष नेताओं का अपमान कर रही है. इसी वजह से परिवार ने सरकारी सुरक्षा नहीं रखने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि अब पार्टी के नेता और कार्यकर्ता ही लालू परिवार की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे. इसके बाद राबड़ी आवास के बाहर बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ता भी जुटने लगे.

दो दिन पहले घटाई गई थी सुरक्षा

दो दिन पहले बिहार सरकार ने लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया था. लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को मिली जेड प्लस सुरक्षा वापस लेकर बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा दी गई थी. वहीं तेज प्रताप यादव की वाई श्रेणी की सुरक्षा भी खत्म कर दी गई. अब उनकी सुरक्षा में सिर्फ एक बॉडीगार्ड तैनात किया गया है. सरकार के इस फैसले के बाद से बिहार की राजनीति में लगातार बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.