Newshaat_Logo

राघोपुर नाव हादसा: पीड़ित परिवारों से मिले लालू-राबड़ी, तेजस्वी बोले- पीढ़ियां खत्म हो गईं, निष्पक्ष जांच हो

राघोपुर दियारा के रामपुर श्यामचंद में हुए भीषण नाव हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के बीच मातम पसरा है
 
Lalu Yadav

राघोपुर दियारा के रामपुर श्यामचंद में हुए भीषण नाव हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के बीच मातम पसरा है. गुरुवार को राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और पाटलिपुत्र की सांसद डॉ. मीसा भारती पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे. इस दौरान महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन भी मौजूद रहे. पीड़ित परिवारों के कई सदस्य भी लालू परिवार से मिलने पहुंचे थे.

लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. बच्चों की मौत से सदमे में डूबे परिजन और महिलाएं फूट-फूटकर रोने लगे. लालू यादव ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा राजद परिवार उनके साथ खड़ा है.

राबड़ी देवी और मीसा भारती ने भी पीड़ित महिलाओं से बात कर उन्हें सांत्वना दी. वहीं, तेजस्वी यादव ने एक-एक परिवार से मुलाकात कर हादसे के बारे में जानकारी ली और पीड़ितों का दुख साझा किया.

पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद तेजस्वी यादव ने हादसे को सिस्टम की लापरवाही का नतीजा बताया. उन्होंने कहा कि दियारा क्षेत्र में न सरकारी नाव की व्यवस्था है, न सड़क और न ही अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों से उनकी ओर से सरकार के सामने इन समस्याओं को उठाया जा रहा है.

तेजस्वी यादव ने घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि इस मामले में कोताही, लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले सभी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना नहीं करना पड़े.