Movie prime

राहुल गांधी दरभंगा से शुरू करेंगे न्याय संवाद यात्रा, कन्हैया कुमार संभालेंगे कमान

 

बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से एक्शन मोड में आ गई है। 'नौकरी दो, पलायन रोको' यात्रा के बाद अब कांग्रेस 'न्याय संवाद यात्रा' की शुरुआत करने जा रही है।

इस अभियान का उद्देश्य छात्रों, युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करना है। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने आज प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 15 मई को बिहार के दरभंगा में छात्रों और छात्राओं से संवाद करते हुए इस यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे राज्य की शिक्षा व्यवस्था, आरक्षण नीति और जातीय जनगणना जैसे मुद्दों पर बात करेंगे। बिहार की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं है। यहां की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना बेहद जरूरी है। बार-बार पेपर लीक होना इस प्रणाली की कमजोरी को उजागर करता है।"

युवा कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार इस यात्रा के दूसरे चरण की कमान संभालेंगे। उन्होंने बताया कि यह संवाद यात्रा राज्य के सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम होगी। यात्रा में जातीय जनगणना के बाद आरक्षण की 50% सीमा समाप्त करने और निजी क्षेत्र में आरक्षण को लागू करने जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे, जो संविधान के अनुच्छेद 15(5) में निहित हैं।

आगे उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा की हालत यह है कि तीन साल की डिग्री तीन साल में भी नहीं मिलती। इस नई यात्रा के ज़रिए कांग्रेस पार्टी सीधे जनता से जुड़कर उन्हें अपने एजेंडे और नीतियों की जानकारी देगी, जिससे आने वाले चुनावों में माहौल बनाने की रणनीति स्पष्ट दिखाई देती है।