बेगूसराय में राहुल की पदयात्रा 24 मिनट में खत्म, 1km चले, पटना रवाना

राहुल गांधी आज बिहार के दौरे पर हैं। पटना में उनका भव्य स्वागत किया गया। पटना से सीधे बेगूसराय पहुंचे राहुल गांधी ने पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा में भाग लिया और करीब एक किलोमीटर पैदल चलने के बाद पटना के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस नेता श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सामाजिक न्याय सम्मेलन में शामिल होंगे।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बेगूसराय में पदयात्रा महज 24 मिनट में खत्म हो गई। वो कन्हैया कुमार की 'पलायन रोको और नौकरी दो' यात्रा में 1KM पैदल चले।
कांग्रेस बिहार में अपने दम पर राजनीति करना चाहती है। इसके तहत पार्टी में कई अहम बदलाव भी किए जा रहे हैं। राहुल गांधी भी बिहार पर फोकस कर रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्हाइट टी-शर्ट में आने की अपील की है। बीजेपी के गिरीराज सिंह ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें भगवा रंग से नफरत है। इसीलिए सफेद रंग चुन लिए हैं।

राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हेलिकॉप्टर से बेगूसराय से पटना के लिए निकले हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अल्लावरु और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह पटना में होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। वहीं कन्हैया कुमार बेगूसराय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, इसलिए वो पटना में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे।
राहुल गांधी पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके संयोजक अनिल जय हिंद ने बताया, '1 अप्रैल से 7 अप्रैल तक जन्में महापुरुष, जो देश की आजादी के लिए लड़े हैं, उनको विशेष रूप से याद किया जाएगा।'
'आजादी की लड़ाई में शामिल बुद्धु नोनिया की शहादत को याद किया जाएगा। बाबू जगजीवन राम की ऐतिहासिक योगदान के साथ साथ अमर शहीद प्रजापति रामचंद्र विद्यार्थी की जयंती को भी याद किया जाएगा।'